
-शॉर्ट नोटिस पर नाश्ता, फल, पानी, चाय और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था; डीआरएम उदय सिंह मीना व अध्यक्षा चित्रा सिंह ने कोच में पहुंचकर जाना यात्रियों का हाल
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: डीडीयू नगर नेपाल में बाढ़ की स्थिति के बीच भारत लौट रहे यात्रियों की सुविधा और सेवा के लिए पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के महिला कल्याण संगठन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए 106 यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं कीं। महाराष्ट्र की ओर जा रहे इन यात्रियों के लिए डीडीयू जंक्शन पर शॉर्ट नोटिस में नाश्ता, फल, पानी, चाय और स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
दानापुर मंडल से यात्रियों के ट्रेन संख्या 17609 पटना–पूर्णा एक्सप्रेस से यात्रा करने की सूचना मिलने के बाद डीडीयू मंडल महिला कल्याण संगठन ने तत्काल आवश्यक तैयारियां शुरू कर दीं। शनिवार सुबह करीब सवा दस बजे ट्रेन डीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या चार पर पहुंची। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना और महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती चित्रा सिंह स्वयं यात्रियों के बीच पहुंचे।
डीआरएम और अध्यक्षा ने कोच में यात्रियों की सीटों तक जाकर उनसे बातचीत की, उनका कुशलक्षेम जाना और यात्रा के अनुभवों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान यात्रियों की जरूरतों और समस्याओं को भी समझने का प्रयास किया गया।
महिला कल्याण संगठन की ओर से यात्रियों के लिए नाश्ते के पैकेट, फल, पानी की बोतल और चाय की व्यवस्था की गई। संगठन की सदस्याओं और रेल कर्मचारियों ने यह सामग्री यात्रियों की सीट तक पहुंचाई, जिससे यात्रियों को ट्रेन से उतरकर किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही स्वास्थ्य जांच के लिए चिकित्सा टीम भी मौजूद रही और आवश्यकता के अनुसार यात्रियों को दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
यात्रियों ने डीडीयू मंडल महिला कल्याण संगठन की इस त्वरित, आत्मीय और संवेदनशील पहल की सराहना की तथा रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यात्रियों का कहना था कि कठिन परिस्थितियों के बीच इस तरह की सहायता से उन्हें काफी राहत मिली।
विदित हो कि नेपाल में बाढ़ की स्थिति के बीच भारत लौट रहे यात्रियों की सुगम वापसी के लिए रेलवे की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पटना में इन यात्रियों के लिए दो अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाए गए और उन्हें सीट उपलब्ध कराई गई। यात्रा के दौरान यात्रियों को समुचित सहयोग देने के लिए डीडीयू मंडल की ओर से दो अतिरिक्त टिकट परीक्षकों की विशेष व्यवस्था कर उन्हें यात्रियों के साथ प्रयागराज तक भेजा गया।
दानापुर मंडल से सूचना प्राप्त होने के बाद डीडीयू मंडल ने यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए कम समय में व्यवस्थाएं पूरी कीं। इस पहल ने रेलवे की यात्री सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार को एक बार फिर सामने रखा।




