
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी में इन दिनों गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दशाश्वमेध चौकी इंचार्ज अपनी पुलिस टीम के साथ प्रमुख घाटों पर लगातार निगरानी और पैदल गश्त कर रहे हैं।गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने गंगा स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे गहरे पानी में जाने से बचें तथा स्नान के दौरान पूरी सावधानी बरतें। साथ ही भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मोबाइल फोन, पर्स, आभूषण और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करने की सलाह भी दी गई। दशाश्वमेध चौकी इंचार्ज ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर किसी भी संभावित घटना को रोका जा सके।
पुलिस टीम ने घाटों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी बनाए रखी। अधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से घाटों पर लगातार पैदल गश्त, निगरानी और जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
घाटों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और सतर्कता से श्रद्धालुओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है। प्रशासन का प्रयास है कि काशी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुखद धार्मिक अनुभव प्राप्त हो तथा गंगा तट पर शांति और व्यवस्था बनी रहे।





