
बौद्ध। ओडिशा के बौद्ध जिले में महानदी घाट पर मगरमच्छ के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान युवक के दो भाइयों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगाकर उसे मगरमच्छ की पकड़ से छुड़ा लिया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बौद्ध जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
महानदी घाट पर युवक पर मगरमच्छ ने किया हमला
घटना रविवार शाम हरभंगा ब्लॉक के मराड़ा महानदी घाट की बताई जा रही है। मराड़ा गांव निवासी सुधीर बेहरा नदी किनारे गए थे। इसी दौरान पानी में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें पकड़कर गहरे पानी की ओर खींचने लगा।
मगरमच्छ के हमले के बाद सुधीर ने मदद के लिए शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर उनके भाई छबिंद्र बेहरा और चचेरे भाई प्रमोद प्रधान मौके पर पहुंचे।
भाई को बचाने के लिए नदी में कूदे
मगरमच्छ को सुधीर को पानी में खींचते देख दोनों भाइयों ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने मगरमच्छ से संघर्ष करते हुए सुधीर को उसकी पकड़ से छुड़ाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ घंटे तक चले संघर्ष के बाद दोनों भाइयों ने सुधीर को मगरमच्छ की पकड़ से बाहर निकाल लिया। इसके बाद मगरमच्छ नदी में चला गया।
गंभीर रूप से घायल सुधीर अस्पताल में भर्ती
मगरमच्छ के हमले में सुधीर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पुरुणाकटक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बौद्ध जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद दोनों भाइयों द्वारा दिखाई गई हिम्मत की स्थानीय स्तर पर चर्चा हो रही है। वन्यजीव विभाग की टीम द्वारा घटना की जानकारी भी जुटाई जा रही है।




