
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चन्दौली जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा पूर्व की नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को नौगढ़ क्षेत्र के ग्राम नोनवट एवं पंडी तथा आसपास के पहाड़ी और जंगलाती इलाकों में पुलिस एवं क्यूआरटी टीम ने व्यापक कांबिंग और सर्च ऑपरेशन चलाया। क्षेत्राधिकारी नौगढ़ देवेन्द्र कुमार की मौजूदगी और नेतृत्व में थानाध्यक्ष नौगढ़ संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल एवं क्विक रिस्पांस टीम ने दुर्गम क्षेत्रों, पगडंडियों और संभावित छिपने के स्थानों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने पैदल गश्त और फ्लैग मार्च कर ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखते हुए क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा का संदेश भी दिया गया। कांबिंग अभियान के बाद पुलिस टीम ने ग्रामीणों, युवाओं और बुजुर्गों से जन-संवाद कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। ग्रामीणों से किसी भी अपरिचित या संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके
जन-संवाद के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। ओटीपी और एटीएम पिन साझा न करने, फर्जी बैंक कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, संदिग्ध लिंक व ऐप, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड और ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, जबकि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 की सहायता ली जा सकती है।
ग्रामीणों ने बताया शांतिपूर्ण माहौल
जन-संवाद के दौरान ग्रामीणों ने वर्तमान में गांव और आसपास के क्षेत्रों में शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण होने की बात कही। ग्रामीणों ने किसी नक्सली गतिविधि, संदिग्ध आवाजाही अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या की जानकारी से इंकार किया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को उनकी सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांबिंग, पेट्रोलिंग, सर्च ऑपरेशन, जन-संवाद और साइबर जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और बेहतर पुलिस-पब्लिक समन्वय कायम करना है।




