
-अयोध्या में केजरीवाल का बड़ा हमला: राम मंदिर में ‘महाडकैती’ का आरोप, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
- रिपोर्ट: अमित कुमार
रामनगरी अयोध्या पहुंचे दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर में कथित तौर पर हुई चोरी के मामले को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम के मंदिर से आभूषण, हार, पादुका, चांदी, सोना, हीरे-जवाहरात और करोड़ों-अरबों रुपये की नकदी सहित बहुमूल्य सामान गायब हो गया है। उन्होंने इसे “महाडकैती” बताते हुए कहा कि इस मामले में बड़े-बड़े लोग शामिल हैं और उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है।
केजरीवाल ने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और इस घटना से देशभर के श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं इस घटना से दुखी हैं और इसी कारण भगवान राम के दर्शन करने अयोध्या पहुंचे।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर इस कथित चोरी में शामिल होने का आरोप है, वही लोग जांच और कार्रवाई भी कर रहे हैं। ऐसे में निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि इस मामले में गठित एसआईटी और दर्ज की गई एफआईआर केवल दिखावा है, क्योंकि इसमें केवल छोटे कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया है, जबकि बड़े नामों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद असली दोषियों को बचाना करोड़ों हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने दावा किया कि जनता की मांग है कि इस मामले के वास्तविक दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।
केजरीवाल ने अपने आरोपों के समर्थन में एक उदाहरण देते हुए कहा कि सिंधी एसोसिएशन ने 26 जनवरी 2021 को राम मंदिर के लिए 200 किलो चांदी दान की थी। उन्होंने कहा कि उस समय संस्था ने रसीद लेने पर जोर नहीं दिया, क्योंकि उन्हें विश्वास था कि दान भगवान के चरणों में अर्पित किया जा रहा है। लेकिन अब जब कथित चोरी का मामला सामने आया है तो संस्था यह सवाल उठा रही है कि उनकी दान की गई 200 किलो चांदी कहां गई। उन्होंने कहा कि इस घटना से लोगों का भगवान राम में नहीं, बल्कि मंदिर के प्रबंधन पर विश्वास डगमगा गया है।





