
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत बेनियाबाग हरिजन बस्ती में रविवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब चारपाई पर गहरी नींद में सो रहे राजन नामक युवक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना इतनी अचानक और खौफनाक थी कि बगल में सो रहा उसका पुत्र पूरी तरह अनजान रहा और उसे घटना की भनक तक नहीं लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही चौक पुलिस और एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की बारीकी से जांच की, जहां से पुलिस को दो खोखे भी बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक राजन की दो पत्नियां थीं—एक मिर्जापुर के नारायणपुर में और दूसरी बेनियाबाग हरिजन बस्ती में रहती थी।
बताया जा रहा है कि दूसरी पत्नी के पुत्र की 20 जून को सगाई होनी थी, जिसमें शामिल होने के लिए राजन हाल ही में नारायणपुर से बेनियाबाग आया था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और हत्या के पीछे की असली वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है।




