
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Ayodhya: चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को अयोध्या में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट की ओर निकले कांग्रेसियों के जुलूस में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह और महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में शुरू हुआ विरोध मार्च गांधी पार्क से आगे बढ़ते हुए कचहरी परिसर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश देखने को मिला।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” और “ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े मुद्दों पर जनता की आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जुलूस को देखते हुए कचहरी परिसर के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। बताया गया कि कचहरी परिसर का मुख्य गेट बंद होने के बावजूद प्रदर्शनकारी वहां पहुंचे और गेट खुलवाकर कलेक्ट्रेट की ओर आगे बढ़े। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध जारी रखा।
प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मोहम्मद आमिर, उपाध्यक्ष तैयब खान, यासीन, खेलकूद प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विजय यादव, जिला सचिव पंकज सिंह, सेवादल जिला अध्यक्ष फुलावर नकवी, महानगर सेवादल अध्यक्ष बसंत मिश्रा, कललू शर्मा, जिला उपाध्यक्ष राम अवध पासी, कैफियत अंसारी, महिला महानगर अध्यक्ष नाजिश फातिमा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी लगातार जनआंदोलन के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।





