
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। जनपद अयोध्या के कोतवाली क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान मोनू वर्मा के रूप में हुई है, जो थाना रौनाही क्षेत्र के सराय नामू गांव की रहने वाली थीं। उनका विवाह करीब डेढ़ वर्ष पहले अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के फत्तेपुर निवासी युवक से हुआ था।
मृतका के भाई मनोज का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बहन को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। कई बार दोनों परिवारों के बीच समझौता कराकर उसे वापस ससुराल भेजा गया, लेकिन उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
परिजनों के अनुसार, जब उन्होंने अपनी बहन से संपर्क करने की कोशिश की तो उसकी ननद ने फोन उठाकर बताया कि मोनू की तबीयत खराब है और उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया है। इसके बाद जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो उन्हें बताया गया कि मोनू की अस्पताल लाने से करीब एक घंटे पहले ही मौत हो चुकी थी। आरोप है कि मायके पक्ष के अस्पताल पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोग वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतका के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।





