
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। बीकापुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा नुववा बैदरा स्थित पंडित का पुरवा में समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव एवं दिव्यांग नेता पंडित समरजीत ने गौ सेवकों और गौ पालकों के साथ मिलकर गौ माता को लड्डू खिलाए और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बधाई दी।
इस अवसर पर पंडित समरजीत ने कहा कि हाल ही में गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा दिलाने की मांग को लेकर प्रदेश भ्रमण पर निकले शंकराचार्य से अखिलेश यादव ने मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव ने आश्वासन दिया है कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो गौ माता को राष्ट्रीय गौ माता घोषित करने की दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
पंडित समरजीत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गांव, किसान और गौ संरक्षण के मुद्दों पर सत्ता में आने के बावजूद सरकार अब तक गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा नहीं दिला सकी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गौ माता को राष्ट्रीय घोषित करने की मांग को लेकर निकली शंकराचार्य की रथ यात्रा को प्रशासनिक स्तर पर कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यक्रम में पंडित विजय प्रताप शर्मा, पंडित अशोक कुमार शर्मा, पंडित मदन लाल शर्मा और पंडित अनंत राम शर्मा सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।





