
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में महिलाओं और आम जनता के लिए कई बड़े फैसलों का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद एक्शन मोड में नजर आ रहे शुभेंदु अधिकारी ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘अन्नपूर्णा योजना’ शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के आवेदन फॉर्म 27 मई से राज्य सचिवालय से जारी किए जाएंगे। सरकार का दावा है कि सभी भारतीय महिलाएं इस योजना के लिए पात्र होंगी। अधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को आसानी से लाभ मिल सके।
इसके अलावा राज्य सरकार ने आम लोगों को सस्ता और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में करीब 400 विशेष कैंटीन खोली जाएंगी, जहां सप्ताह में दो दिन मात्र 5 रुपये में मछली और चावल की थाली उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार के अनुसार इन कैंटीनों का उद्देश्य गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग के लोगों को सस्ती दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही राज्य में शराब की दुकानों पर सख्त नियंत्रण को लेकर भी सरकार ने संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के हित और सामाजिक सुधार को ध्यान में रखते हुए सरकार कई कड़े फैसले लेने जा रही है।




