
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आदमपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक आदमपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने रविवार, 14 जून 2026 को आरोपी करन सिंह (21 वर्ष) को जौनपुर जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सरायपोख्ता चौकी के सामने से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता द्वारा थाना आदमपुर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने उससे शादी का झांसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर थाना आदमपुर में मुकदमा संख्या 110/2026 के तहत धारा 69, 351(2), 304(2) एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक आदमपुर द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी करन सिंह पुत्र चंद्र भान सिंह, निवासी जमालपुर पोस्ट सदर, जनपद जौनपुर (वर्तमान पता तारापुर कॉलोनी, थाना कोतवाली, जौनपुर) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक बलिराम यादव, उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक बृहुपति त्रिपाठी तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल अश्वनी कुमार सिंह शामिल रहे।




