
- ब्यूरो रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (यूपी एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2019 में लखनऊ के सरोजिनीनगर क्षेत्र में टैक्सी चालक की हत्या और वाहन लूट के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोनू यादव उर्फ अभिमन्यु यादव को राजस्थान के डीडवाना जिले से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र का निवासी है।
एसटीएफ के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 14 जुलाई 2019 की रात उसने अपने साथियों मिथिलेश पांडे, छोटू सिंह और मोहन यादव के साथ एयरपोर्ट जाने के बहाने एक टैक्सी बुक की थी। टैक्सी का नंबर UP 53 AT 1469 था, जिसे चालक शुभम पांडे चला रहा था।
आरोपियों ने टैक्सी लूटने की नीयत से चालक शुभम पांडे की हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। इसके बाद सभी आरोपी टैक्सी लेकर वाराणसी (बनारस) फरार हो गए थे।
इस सनसनीखेज हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे मोनू यादव उर्फ अभिमन्यु यादव पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। लगातार प्रयासों के बाद यूपी एसटीएफ ने उसे राजस्थान के डीडवाना से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लखनऊ कमिश्नरेट के सरोजिनीनगर थाने में हत्या, लूट समेत गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमा दर्ज है। एसटीएफ द्वारा आरोपी को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जो मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।




