
- ब्यूरो रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में ज्वैलरी शॉप में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर सफल खुलासा करते हुए छह शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने 14 जुलाई की रात दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ किया था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इसके अलावा उनके पास से सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 720 रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गोमतीनगर विस्तार थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से महज 48 घंटे के भीतर ज्वैलरी शॉप चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा होने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।




