
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। आगामी 22, 23 एवं 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर वाराणसी में तैयारियां तेज हो गई हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने शनिवार को बसंता महिला कॉलेज के पास चिन्हित पार्किंग स्थलों, वीआईपी रूट, हेलीपैड तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
संभावित भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए दोनों अधिकारियों ने पार्किंग क्षमता, प्रवेश-निकास मार्ग और यातायात संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
वीआईपी एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के आवागमन के लिए प्रस्तावित रूटों की समीक्षा करते हुए वैकल्पिक मार्ग और प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन प्लान पहले से तैयार रखने को कहा गया। अधिकृत वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पास व्यवस्था तथा अनधिकृत वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने हेलीपैड का भी निरीक्षण किया और उसकी सुरक्षा, आपातकालीन व्यवस्थाओं तथा सुरक्षा घेरे को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम से पहले पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास, वीआईपी रूट और सुरक्षा प्लान का स्थलीय परीक्षण करने पर भी जोर दिया गया।
मोहित अग्रवाल और सत्येन्द्र कुमार ने स्पष्ट किया कि एयर शो जैसे बड़े आयोजन में आमजन की सुविधा, सुगम यातायात और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।





