
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: धर्म और आध्यात्मिकता की नगरी काशी में शनिवार की सुबह सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति श्री अरविंद कुमार ने सपरिवार मां के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने 51 शक्तिपीठों में शामिल दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मीरघाट स्थित जागृत मां विशालाक्षी मंदिर में दर्शन-पूजन कर शीश नवाया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
इस पावन अवसर पर मंदिर के महंत पं. सुरेश कुमार तिवारी ने विधि-विधान के साथ षोडशोपचार पूजन संपन्न कराया। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार ने सपत्नीक मां विशालाक्षी का पूजन एवं कुकुमार्चन किया। इसके उपरांत उन्होंने पत्नी के साथ मां की आरती उतारी और दंडवत प्रणाम कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा।
दर्शन-पूजन के उपरांत महंत पं. सुरेश कुमार तिवारी ने न्यायमूर्ति को अंगवस्त्र एवं प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया, वहीं उनकी पत्नी को साड़ी और प्रसाद प्रदान किया। महंत ने माता रानी का आशीर्वाद देते हुए उनके परिवार के सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
मां विशालाक्षी के दर्शन के बाद न्यायमूर्ति अरविंद कुमार ने त्रिपुरा भैरवी स्थित मां वाराही देवी मंदिर पहुंचकर भी दर्शन-पूजन किया। यहां माता के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद वह अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
न्यायमूर्ति के आगमन पर सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
माननीय न्यायमूर्ति के आगमन को देखते हुए दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। वह अपने पुलिसकर्मियों के साथ भोर से ही मंदिर क्षेत्र की गलियों में भ्रमण करते रहे। न्यायमूर्ति के पहुंचने से पहले ही मंदिर परिसर एवं आवागमन वाले रास्तों को व्यवस्थित कराकर अनावश्यक भीड़ को हटवाया गया, ताकि दर्शन-पूजन के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह एवं उनकी टीम ने पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस की इस व्यवस्था और सहयोग को देखकर न्यायमूर्ति अरविंद कुमार ने संतोष कुमार सिंह की भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा उन्हें धन्यवाद भी दिया। इस दौरान उनका सहज और सहृदय व्यवहार भी चर्चा का विषय रहा।





