
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। प्रयागराज थाना कर्नलगंज पुलिस ने छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और अभद्र टिप्पणी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता कॉलेज से छात्रावास लौट रही थी। इसी दौरान बैंक रोड से कार्पेन्टरी चौराहे के बीच स्कूटी सवार आरोपी ने पीछे से आकर उसके साथ कथित रूप से छेड़खानी और अभद्र टिप्पणी की। शिकायत के आधार पर थाना कर्नलगंज में मु0अ0सं0 362/26, धारा 75/79 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 07 अक्टूबर 2026 को बैंक रोड क्षेत्र से आरोपी मो0 अमान पुत्र मुमताज अहमद, निवासी 7/ए बैंक रोड, थाना कर्नलगंज, प्रयागराज, उम्र करीब 18 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अरिहन्त जैन, उपनिरीक्षक देवेश सिंह परिहार तथा कांस्टेबल सूरज कुमार मौर्या शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




