
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के दशनीपुर निवासी सुशीला देवी ने मुर्दाहा चौकी प्रभारी संध्या जायसवाल पर जातिसूचक गाली देने और उनके पुत्र को कथित रूप से अवैध हिरासत में रखने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, 22 जुलाई की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच महिला दरोगा दो सिपाहियों के साथ उनके घर पहुंचीं और सो रहे पुत्र रोहित को अपने साथ ले गईं।
आरोप है कि रोहित को 24 घंटे से अधिक समय तक थाने में रखा गया और बाद में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में पीड़िता की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से थाना चोलापुर में भारतीय न्याय संहिता तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा संख्या 0414 दर्ज किया गया है।
मामले की जांच एसीपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। अब जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





