
-रैली, नुक्कड़ नाटक और विशेष सफाई अभियान के जरिए यात्रियों को स्वच्छता का संदेश
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और रेल प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) श्री अनुभव पाठक के नेतृत्व में 01 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है।
अभियान के तहत आजमगढ़, बलिया, बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, भटनी जंक्शन, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, मऊ, बेल्थरा रोड, सलेमपुर और प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्टेशनों पर स्वास्थ्य निरीक्षकों ने संविदा एवं रेल कर्मचारियों के सहयोग से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान पोस्टर, बैनर और स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से यात्रियों एवं आमजन को रेलवे परिसर स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कचरा प्रबंधन, स्वच्छता और प्लास्टिक के कम से कम उपयोग का संदेश दिया गया।
रेल पटरियों के किनारे भी चला विशेष सफाई अभियान
स्वच्छता अभियान के दौरान शहरी स्थानीय निकायों के सहयोग से रेलवे स्टेशनों से सटे रेल पटरियों के किनारे विशेष सफाई अभियान चलाया गया। कचरा हटाने के साथ ट्रैक के आसपास के क्षेत्रों की गहन सफाई की गई। यात्रियों को निर्धारित स्थान पर कूड़ा डालने के लिए कूड़ेदानों के पास जागरूकता संबंधी साइनबोर्ड भी लगाए गए।
इसके अतिरिक्त रेलवे कॉलोनियों और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्टेशनों एवं ट्रेनों में जनउद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों से रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की गई।
‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ का दिया संदेश
जागरूकता रैली के दौरान “स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत” तथा “आओ, भारतीय रेल को स्वच्छ बनाने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाएँ” जैसे नारों के माध्यम से यात्रियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल का उद्देश्य स्वच्छता पखवाड़े को महज एक अभियान तक सीमित रखने के बजाय स्वच्छता को दैनिक जीवन और कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाना है। मंडल की ओर से यात्रियों, रेल कर्मचारियों एवं आमजन से रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की गई है।





