
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। प्रयागराज गंगानगर जोन में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त गंगानगर ने पुलिस लाइन स्थित त्रिवेणी सभागार में जोन के समस्त सहायक पुलिस आयुक्तों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी की। बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी त्यौहारों को लेकर पुलिस की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
गोष्ठी के दौरान सहायक पुलिस आयुक्तों की क्षेत्र में सक्रियता और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के प्रयासों की समीक्षा करते हुए पुलिस उपायुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ ही क्षेत्र में लगातार निगरानी और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आगामी त्यौहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




