
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। थाना सिंधोरा पुलिस ने रात्रि गश्त एवं संदिग्ध वाहन-व्यक्ति चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 10 जीवित पशुओं को बरामद किया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, सिंधोरा बाजार से मवइया की ओर जा रहे पिकअप UP65 FT 8234 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर वाहन सहित तीनों आरोपितों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान पिकअप में क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर बांधे गए 09 पड़वा और 01 पड़िया, कुल 10 भैंसा/भैंस जीवित बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुबारक खान (22) निवासी संदहा, थाना चौबेपुर, वाराणसी, सोनू भारती (36) निवासी मैनुद्दीनपुर, थाना जहानागंज, आजमगढ़ तथा छोटक (32) निवासी बराई, थाना केराकत, जौनपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, मुबारक खान ने बताया कि पशुओं को ग्राम बराई, थाना केराकत, जौनपुर से लादकर वाराणसी ले जाया जा रहा था। मामले में थाना सिंधोरा पर मु0अ0सं0 0179/2026, धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।




