
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. सावन मास के पावन अवसर पर लंका थाना क्षेत्र के चित्तूपुर ग्राम सभा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने शूलटांकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए भव्य शोभायात्रा निकाली। प्रदेश सचिव, युवा कांग्रेस पूर्वी उत्तर प्रदेश सिद्धार्थ केसरी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की भक्तिमय धुनों के बीच नाचते-गाते श्रद्धालु चित्तूपुर से सीर गोवर्धन होते हुए शूलटांकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे।
शोभायात्रा के दौरान भगवान शंकर और माता पार्वती की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शंकर-पार्वती के स्वरूप में कलाकारों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। यात्रा के पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए और लगातार गूंजते हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के उत्साह और उमंग ने सावन की धार्मिक आस्था को और भी जीवंत बना दिया। चित्तूपुर से शूलटांकेश्वर महादेव मंदिर तक निकली इस यात्रा में धार्मिक श्रद्धा के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि सावन का महीना आस्था और भक्ति का पर्व है। ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश जाता है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं को सावन मास की शुभकामनाएं दीं।
रोहनिया विधानसभा प्रत्याशी राजेश्वर सिंह पटेल ने कहा कि शूलटांकेश्वर महादेव में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना भगवान शिव के प्रति उनकी गहरी आस्था को दर्शाता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जुटे सभी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का आभार जताया।
प्रदेश सचिव, युवा कांग्रेस पूर्वी उत्तर प्रदेश सिद्धार्थ केसरी ने कहा कि सावन के पावन अवसर पर आयोजित यह जलाभिषेक यात्रा श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करना है।
शोभायात्रा में महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा, कांग्रेस शहर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, रोहनिया विधानसभा प्रत्याशी राजेश्वर सिंह पटेल, अवधेश पटेल, अभिषेक पटेल, विश्वजीत पटेल, आशीष पटेल, नितेश पटेल, महेश सिंह, केशव केसरी, आनंद केसरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शूलटांकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ भगवान शूलटांकेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा और सावन की भक्ति का अद्भुत रंग देखने को मिला।




