
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. वाराणसी मंडल में रेल संपत्ति की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। गाड़ी संख्या 15003 के पिछले SLR से चोरी हुई बुकशुदा पान मसाला की खेप को घटना के महज तीन दिनों के भीतर बरामद करते हुए मामले में छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ के नेतृत्व में वाराणसी मंडल रेलवे सुरक्षा बल लगातार रेल संपत्ति की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान चला रहा है। इसी क्रम में 20 अगस्त 2026 को सलेमपुर-पिवकोल स्टेशनों के बीच गाड़ी संख्या 15003 के पिछले SLR से बुकशुदा पान मसाला चोरी होने की सूचना मिली थी।
मामले में RPF पोस्ट भटनी में मु.अ.सं. 01/2026, धारा 3 RP (UP) Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त, छपरा के दिशा-निर्देशन में RPF पोस्ट भटनी और CIB टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 23 अगस्त को चोरी की गई रेल संपत्ति बरामद कर ली।
कार्रवाई के दौरान चोरी किए गए पान मसाला के कुल छह बंडल, जिनकी कीमत ₹10,002 बताई गई है, बरामद किए गए। इसके साथ ही चोरी का माल ले जाने में इस्तेमाल किए गए टाटा मैजिक लोडर संख्या BR-28-GB-0631 को भी जब्त कर लिया गया।
मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजेश कुमार, कन्हैया, संतोष दुबे, भीमबाबू, मुन्ना प्रसाद एवं सरजू प्रजापति के रूप में हुई है। इनमें मुन्ना प्रसाद चोरी के माल का खरीदार, जबकि सरजू प्रजापति प्रयुक्त वाहन का स्वामी एवं चालक बताया गया है।
इस कार्रवाई में RPF पोस्ट भटनी एवं CIB टीम के उप निरीक्षक उमाकांत मिश्रा, उप निरीक्षक कप्तान सिंह, उप निरीक्षक अवनीश कुमार राय, हेड कांस्टेबल रामशकल, हेड कांस्टेबल अखिलेश्वर कुशवाहा, कांस्टेबल अनुराग प्रताप सिंह एवं कांस्टेबल सुनील कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




