
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। आधुनिक, सुगम एवं त्वरित टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में वाराणसी मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के अंतर्गत बेल्थरा रोड स्टेशन से संबद्ध गोविन्दपुर दुगौली हाल्ट पर पहली बार मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली (एम-यूटीएस) के माध्यम से यात्रियों को अनारक्षित टिकट जारी किए गए।
इस व्यवस्था के अंतर्गत हाल्ट एजेंट द्वारा प्लेटफॉर्म पर भ्रमण करते हुए यात्रियों को उनके स्थान पर ही एम-यूटीएस के माध्यम से अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराए गए। इससे यात्रियों को टिकट काउंटर तक जाने की आवश्यकता नहीं रही और उन्हें त्वरित एवं सुविधाजनक टिकटिंग सेवा प्राप्त हुई। साथ ही, यह व्यवस्था बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध होगी।

यह पहल उत्तर भारत के चार रेलवे जोनों—पूर्वोत्तर रेलवे, उत्तर रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे तथा उत्तर पश्चिम रेलवे—में पहली बार गोविन्दपुर दुगौली हाल्ट पर लागू की गई है। छोटे हाल्ट स्टेशनों तक आधुनिक डिजिटल टिकटिंग सुविधा पहुँचाने की दिशा में यह भारतीय रेल की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
सावन माह के दौरान वाराणसी मंडल से होकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं अन्य यात्री यात्रा करते हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए टिकटिंग व्यवस्था को अधिक सुगम, सुलभ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था प्रारंभ की गई है। इससे छोटे हाल्ट स्टेशनों पर भी यात्रियों को त्वरित एवं सुविधाजनक टिकटिंग सेवा उपलब्ध होगी तथा टिकट प्राप्त करने में लगने वाला समय भी कम होगा।
वाराणसी मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए ऐसे नवाचार जारी रखे जाएंगे।




