
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। थाना लंका पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान विकास कुमार गुप्ता (26) पुत्र रामायण गुप्ता, निवासी सालारपुर पंचकोषी, थाना सारनाथ, वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी को 16 सितंबर 2026 की रात 10:55 बजे सामने घाट-लंका पुल के नीचे से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से चार मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
बरामद वाहनों में पैशन प्रो (काला), महिंद्रा सेंट्रो (काला), स्प्लेंडर (काला) और एक पैशन प्रो शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ लंका थाने में मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा जैतपुरा थाने में भी वर्ष 2025 में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख पुलिस ने किया है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में लंका पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक सौरभ तिवारी, उपनिरीक्षक शिवाकान्त शर्मा, हेड कांस्टेबल मनोज सिंह और हेड कांस्टेबल अच्छेलाल शामिल रहे।




