
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी जंक्शन पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) पवनीश काटल की अध्यक्षता में संरक्षा संगोष्ठी आयोजित की गई।
संगोष्ठी में रेलवे यार्ड में ट्रेनों और कोचों की शंटिंग के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निर्धारित नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया। सतर्कता आदेशों का सही मिलान कर उन्हें लोको पायलट और गार्ड तक सावधानीपूर्वक पहुंचाने तथा रेल संचालन में किसी भी तरह का शॉर्टकट न अपनाने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान रेलवे परिचालन नियमावली के प्रमुख बिंदुओं, मंडल के संरक्षा परिपत्रों, मुख्यालय से प्राप्त आदेशों और अन्य मंडलों में हुए हादसों को उदाहरण के रूप में रखते हुए कर्मचारियों को संरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।
संगोष्ठी में स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, सहायक परिचालन प्रबंधक गुलकेश मीणा, संरक्षा निरीक्षक रिजवान, खंड यातायात निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, स्टेशन अधीक्षक उदय प्रताप सिंह सहित स्टेशन और यार्ड के कर्मचारी मौजूद रहे।




