
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। चन्दौली जनता की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल लगातार जनसुनवाई कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र प्राप्त किए।
एसपी ने संबंधित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता कर शिकायतों के न्यायोचित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फरियादियों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना चन्दौली पुलिस की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनकर तथ्यों और विधिक प्रावधानों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 15 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण के लिए एसपी आकाश पटेल ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित किया।




