
-डीआरएम आशीष जैन ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, 2 अक्टूबर तक होंगे विविध कार्यक्रम
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत “स्वच्छता में सहभागिता; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम पर 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में ड्यूटी पर तैनात स्वच्छता कर्मी के हाथों फलक का अनावरण कर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परि.) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह सहित मंडल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
डीआरएम ने कहा कि अभियान के दौरान केवल प्रमुख स्टेशनों ही नहीं, बल्कि रेलवे कॉलोनियों, वर्कशॉप, रनिंग रूम और रेलवे ट्रैक के आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के बहिष्कार और उचित कचरा प्रबंधन को अभियान का प्रमुख हिस्सा बनाया गया है।

उन्होंने यात्रियों और आमजन से अपील की कि कूड़ा निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता तभी स्थायी रूप से सफल होगी, जब यह सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का रूप लेगी।
15 दिनों में होंगे अलग-अलग कार्यक्रम
17-18 सितम्बर को ‘स्वच्छ पाठशाला–स्वच्छता के लिए युवा’, 19-20 सितम्बर को CTU एवं Garbage Vulnerable Points का रूपांतरण तथा 21-22 सितम्बर को स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
23-24 सितम्बर को जनभागीदारी, ठोस कचरा प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, कम्पोस्टिंग और प्लास्टिक से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। 25-26 सितम्बर को खेल एवं अन्य आयोजनों के माध्यम से स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। 27 सितम्बर, विश्व पर्यटन दिवस पर ‘स्वच्छ पर्यटक एवं विरासत रेलवे स्थल’ अभियान चलेगा।
28-29 सितम्बर को ‘स्वच्छता से समृद्धि’ के तहत कबाड़ से जुगाड़, कबाड़ से कला और प्लास्टिक रीसाइक्लिंग जैसी गतिविधियां होंगी। 30 सितम्बर को ‘सफाईमित्र सुरक्षा, सेवा एवं सम्मान शिविर’ आयोजित कर सफाईमित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान पर ध्यान दिया जाएगा।
1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत स्टेशनों, यार्ड, कॉलोनियों और अन्य चिन्हित स्थानों पर सामूहिक श्रमदान होगा। इसमें रेलकर्मी एवं उनके परिवार, RPF, NCC/NSS, स्वयंसेवी संस्थाएं और सामुदायिक संगठन भाग लेंगे।
2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर अभियान का समापन होगा। इस दौरान स्वच्छता शपथ, प्रभात फेरियां, स्वच्छता रथ, CTU स्थलों पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों और स्वयंसेवकों का सम्मान किया जाएगा।
वाराणसी मंडल का उद्देश्य है कि ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ महज कुछ दिनों की सफाई गतिविधि न रहकर रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों के दैनिक व्यवहार का हिस्सा बने। मंडल ने रेल यात्रियों, कर्मचारियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है।





