
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। बलिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और आम जनता को जल्द ही खान-पान का एक नया और आकर्षक अनुभव मिलने जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से रेल कोच रेस्टोरेंट का आवंटन किया है। वातानुकूलित रेल कोच के स्वरूप में तैयार होने वाला यह रेस्टोरेंट नवंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह पहल की गई है। रेस्टोरेंट के माध्यम से यात्रियों के साथ-साथ क्षेत्रीय लोगों को भी विभिन्न शैलियों के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध कराए जाएंगे।
रेलवे की नवाचार नीति के तहत आवंटित इस रेस्टोरेंट का अनुबंध पांच वर्ष के लिए निर्धारित किया गया है। बलिया स्टेशन पर इसके शुरू होने के बाद यह वाराणसी मंडल का चौथा रेल कोच रेस्टोरेंट होगा। इससे पहले बनारस, वाराणसी सिटी और मऊ रेलवे स्टेशनों पर यह सुविधा संचालित हो रही है।
रेल प्रशासन के अनुसार, स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ नॉन-फेयर रेवेन्यू बढ़ाने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बलिया स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट की शुरुआत इसी कड़ी में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।





