
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली जुलाई। माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देश तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंदौली परिसर में बुधवार को विशेष लोक अदालत ‘समाधान समारोह (प्री-ट्रायल)’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा सचिव श्रीमती निकिता गौड़ के निर्देशन में संपन्न हुआ।
समारोह में पीठ संख्या-3 के अध्यक्ष विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) विकास वर्मा, सदस्या इशरत परवीन फारूकी तथा पीठ संख्या-4 के अध्यक्ष अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश परितोष श्रेष्ठ, सदस्य प्रभाष त्रिपाठी (मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती निकिता गौड़ तथा पीठ सदस्य कृष्णमोहन चतुर्वेदी और मेवालाल सहित सभी संबंधित वादकारी उपस्थित रहे।
सुनवाई के दौरान पक्षकारों को आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से विवादों के समाधान के लिए प्रेरित किया गया। इस पर वादकारियों ने विचार-विमर्श के लिए समय मांगा। सभी संबंधित वादों में सुलह की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए अगली तिथि 10 जुलाई 2026 निर्धारित की गई।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य माननीय सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है।



