
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। राजधानी में अवैध निर्माण और फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। एलडीए और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के 122 प्रतिष्ठानों का व्यापक सर्वे किया, जिसमें कई नामी होटल गंभीर अनियमितताओं के घेरे में पाए गए।
सर्वे के दौरान गोमती नगर स्थित होटल रेनेसां में अवैध रूप से संचालित ‘स्काई बार’ मिलने के साथ ही ग्रीन बेल्ट के नीचे अवैध बेसमेंट निर्माण का भी खुलासा हुआ। वहीं होटल नोवोटेल की बेसमेंट पार्किंग में बेकरी, लॉन्ड्री और स्टाफ रूम संचालित पाए गए, जबकि होटल सैवी ग्रैंड के बेसमेंट में पार्किंग के स्थान पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती मिलीं।
जांच में आशियाना स्थित होटल पिनैकल के बेसमेंट में अवैध रूप से बैंक्वेट हॉल संचालित होने का मामला सामने आया। इसके अलावा होटल लीनेज में भी कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं।
हाल ही में हुए दिल्ली अग्निकांड से सबक लेते हुए प्रशासन ने राजधानी में सुरक्षा मानकों की व्यापक जांच शुरू की है। मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी प्रतिष्ठानों को तत्काल नोटिस जारी किए जाएं और अवैध गतिविधियां तुरंत बंद कराई जाएं।
उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों को सील किया जाएगा। साथ ही जिन एलडीए अधिकारियों ने नियमों की अनदेखी करते हुए पूर्णता प्रमाण पत्र जारी किए हैं, उनकी भी जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही की जांच कर कार्रवाई होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब शहर के सभी होटल, अस्पताल, जिम, कोचिंग सेंटर और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान जांच के दायरे में होंगे। बेसमेंट में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों की अलग से सूची तैयार की जाएगी तथा सुरक्षा मानकों और भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर भी प्रशासन का अभियान लगातार जारी रहेगा।




