
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Senior Divisional Commercial Manager) के पद पर प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बुधवार को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मंडल कार्यालय में अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की तथा वाणिज्यिक गतिविधियों, यात्री सुविधाओं एवं राजस्व संवर्धन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर वाणिज्य शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में औपचारिक कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण की गई।प्रशस्ति श्रीवास्तव का जन्म 5 दिसंबर 1992 को हुआ। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक. की उपाधि प्राप्त की है। भारतीय रेल यातायात सेवा (IRTS) के माध्यम से चयनित होकर उन्होंने 10 दिसंबर 2018 को भारतीय रेल सेवा में अपनी जिम्मेदारियां संभालीं।
अपने सेवा काल की शुरुआत उन्होंने उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में सहायक वाणिज्य प्रबंधक के रूप में की। इसके बाद उन्होंने आगरा मंडल में मंडल वाणिज्य प्रबंधक तथा मंडल परिचालन प्रबंधक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए प्रशासनिक अनुभव अर्जित किया।
वाराणसी मंडल में नियुक्ति से पूर्व वे पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर मुख्यालय में वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक (दावा) के पद पर कार्यरत थीं।कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही यात्री सुविधाओं का विस्तार, ग्राहक संतुष्टि में वृद्धि, राजस्व संवर्धन तथा पारदर्शी एवं उत्तरदायी कार्य संस्कृति को मजबूत करना भी उनके प्रमुख लक्ष्य होंगे।
मंडल के अधिकारियों ने उनके अनुभव एवं कार्यशैली पर विश्वास व्यक्त करते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में वाराणसी मंडल की वाणिज्यिक व्यवस्था और यात्री सुविधाओं को नई गति एवं दिशा प्राप्त होगी।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।




