
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। गोरखपुर रेलवे भर्ती परीक्षा (आरआरबी) एनटीपीसी को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा कई अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ये ट्रेनें गोरखपुर-लखनऊ और वाराणसी सिटी-गोरखपुर मार्ग पर चलाई जाएंगी।
जनसम्पर्क विभाग, पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 05005/05006 तथा 05031/05032 गोरखपुर–लखनऊ जं.–गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेनें निर्धारित तिथियों तक प्रतिदिन चलाई जाएंगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 05149/05150 वाराणसी सिटी–गोरखपुर–वाराणसी सिटी अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन का भी संचालन किया जाएगा।
रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार गोरखपुर से लखनऊ और वाराणसी के बीच विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव देते हुए इन ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जिससे परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।
इन ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी और एसएलआरडी कोच लगाए गए हैं तथा सभी कोच अनारक्षित श्रेणी के हैं। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर कोचों की संख्या बढ़ाई जा सकती है तथा ट्रेनों के समय में पुनर्निर्धारण किया जा सकता है।
पूर्वोत्तर रेलवे ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों का उद्देश्य परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की भीड़ को नियंत्रित करते हुए उन्हें समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहायता करना है।




