
- रिपोर्ट: पंकज झा
जनपद में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के भीतर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। अचानक बदलते मौसम के कारण बिजली गिरने, पेड़ टूटने और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। तेज आंधी और बारिश के चलते सड़क यातायात भी प्रभावित हो सकता है और कई स्थानों पर जलभराव जैसी स्थिति बनने की संभावना है। प्रशासन ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
खेतों में रखी फसल, भूसा और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि तेज हवाओं और ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। वहीं आम लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन और आपदा विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और समय-समय पर मौसम संबंधी अपडेट जारी किए जा रहे हैं।लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सिर्फ प्रशासन व मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से सुरक्षित रहा जा सके।



