
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने मंगलवार को भारतेन्दु सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संरक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अप्रैल-2026 माह के चयनित 10 रेल कर्मचारियों को “Excellence Award” प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेल में यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत तथा सुरक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से मंडल ने संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
सम्मानित कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इन कर्मचारियों ने सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए संभावित दुर्घटनाओं को टालने और यात्रियों व रेल संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एम. रमेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।पुरस्कार प्राप्त करने वालों में संतोष कुमार, अवधेश गौड़, शिव कुमार, पशुपति कुमार गुप्ता, शशि कुमार, राहुल कुमार, सत्यदेव, रविन्द्र सिंह यादव, प्रेम चन्द्र भगत एवं विमल कुमार शामिल रहे।




