
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में महाप्रबंधक आशुतोष पंत के निर्देशन में “पूल्ड वाहन दिवस” का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, ईंधन बचत और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के तहत बरेका के अधिकारियों ने साझा वाहन व्यवस्था अपनाते हुए एक ही वाहन से कार्यालय पहुंचकर कार्बन उत्सर्जन कम करने का संदेश दिया। कई अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए साइकिल एवं पैदल कार्यालय पहुंचने का भी विकल्प चुना।
बरेका प्रशासन ने इसे सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वस्थ जीवनशैली और हरित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने वाली प्रेरक पहल बताया। जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि भविष्य में भी पर्यावरण हितैषी अभियानों को लगातार प्रोत्साहित किया जाएगा।




