
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य को लेकर बड़ा फैसला लिया है। पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत रामभद्रपुर, हायाघाट और थलवारा स्टेशनों पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य एवं रेल संरक्षा आयुक्त निरीक्षण के चलते 12 से 14 मई 2026 तक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण कई ट्रेनों को निरस्त, कई के मार्ग परिवर्तित, कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन तथा कुछ गाड़ियों का पुनर्निर्धारण किया गया है।
रेलवे प्रशासन के इस निर्णय से बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली रूट पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
दो प्रमुख ट्रेनें रहेंगी निरस्त
–रेलवे ने दरभंगा-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस और वाराणसी सिटी-दरभंगा एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है।
–13 मई को चलने वाली 15551 दरभंगा-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
–14 मई को चलने वाली 15552 वाराणसी सिटी-दरभंगा एक्सप्रेस भी नहीं चलेगी।
कई ट्रेनों का बदला गया मार्ग
रेलवे ने जयनगर-अमृतसर, दरभंगा-नई दिल्ली, अमृतसर-दरभंगा, दरभंगा-अहमदाबाद, वैष्णो देवी-कामाख्या समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग बदल दिया है। अब ये ट्रेनें समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर के बजाय सीतामढ़ी, रक्सौल, सिकटा, पनियहवा और शिशो मार्ग से चलाई जाएंगी। रेलवे के अनुसार परिवर्तित मार्ग से चलने वाली सभी ट्रेनों का शीशो स्टेशन पर दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है।
एक ट्रेन का शॉर्ट टर्मिनेशन
13 मई को चलने वाली 19166 दरभंगा-अहमदाबाद एक्सप्रेस अब दरभंगा के बजाय मुजफ्फरपुर से संचालित होगी। यह ट्रेन दरभंगा से मुजफ्फरपुर के बीच निरस्त रहेगी।
कई ट्रेनें देरी से चलेंगी
रेलवे प्रशासन ने कुछ ट्रेनों को पुनर्निर्धारित भी किया है।
–11062 जयनगर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 14 मई को 180 मिनट देरी से चलेगी।
–12561 जयनगर-नई दिल्ली एक्सप्रेस 60 मिनट विलंब से रवाना होगी।
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि दोहरीकरण कार्य पूरा होने के बाद रेल परिचालन अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।





