
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मलदहिया स्थित फूलमंडी में फूल बेचने आने वाले किसानों से डराने-धमकाने और अवैध रूप से पैसे वसूलने के आरोप में दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है आरोपियों की पहचान विशाल दूबे और उसके साथी फिरोजुद्दीन के रूप में हुई है। यह कार्रवाई सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा और रोडवेज चौकी प्रभारी कुमार गौरव सिंह की टीम द्वारा की गई। दोनों आरोपियों को शांति भंग की आशंका के तहत हिरासत में लेकर उनका चालान किया गया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, विशाल दूबे लंबे समय से फूलमंडी क्षेत्र में अवैध कब्जा कर किसानों से वसूली करता आ रहा था। उसके खिलाफ पहले से भी नगर निगम की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत है। स्थानीय किसानों का आरोप है कि मंडी में आने वाले छोटे किसान लंबे समय से उसके डर और दबाव में काम कर रहे थे। पुलिस कार्रवाई के बाद मंडी में राहत का माहौल देखा गया और किसानों ने इसे बड़ी कार्रवाई बताया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।





