
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है। इस बीच तमिलनाडु से चौंकाने वाले रुझान सामने आ रहे हैं, जहां अभिनेता थलपति विजय की पार्टी तमिलागा वेट्री कज़गम (TVK) जोरदार प्रदर्शन करती दिख रही है।
शुरुआती रुझानों में TVK करीब 100 सीटों पर बढ़त बनाती नजर आई, हालांकि चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार पार्टी 47 सीटों पर आगे है। वहीं AIADMK 44 सीटों और सत्तारूढ़ DMK 20 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन कोलाथुर सीट से पीछे चल रहे हैं।
सियासत में तीसरी ताकत के रूप में उभरी TVK
TVK का उभार तमिलनाडु की पारंपरिक द्विध्रुवीय राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। अब तक DMK और AIADMK के बीच सीमित रही राजनीति में TVK तीसरी मजबूत ताकत बनकर सामने आई है। यदि ये रुझान अंतिम नतीजों में तब्दील होते हैं, तो TVK राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है। वहीं, खंडित जनादेश की स्थिति में विजय ‘किंगमेकर’ या खुद सत्ता के केंद्र में आ सकते हैं।
फिल्मी करियर से सियासत तक का सफर
थलपति विजय तमिल फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार माने जाते हैं। उन्होंने 65 से अधिक फिल्मों में काम किया है और ‘मास्टर’ व ‘थेरी’ जैसी फिल्मों से बड़ी सफलता हासिल की है। वह इंडस्ट्री के सबसे अधिक फीस लेने वाले अभिनेताओं में शामिल हैं और फिल्म ‘थलापति 65’ के लिए करीब 100 करोड़ रुपये फीस ले चुके हैं। विजय, दिग्गज अभिनेता रजनीकांत के बड़े प्रशंसक हैं और बचपन में उनके साथ भी काम कर चुके हैं।
कमाई और संपत्ति
विजय फिल्मों और ब्रांड एंडोर्समेंट के जरिए सालाना लगभग 120 करोड़ रुपये कमाते हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 420 करोड़ रुपये आंकी जाती है। वह चेन्नई में अपने परिवार के साथ लग्जरी बीच हाउस में रहते हैं।
2021 के चुनाव नतीजे
पिछले विधानसभा चुनाव में DMK ने 159 सीटों के साथ सरकार बनाई थी और उसका वोट शेयर 37.7% रहा था। वहीं AIADMK को 75 सीटें और 33.3% वोट शेयर मिला था।
फिलहाल तमिलनाडु की राजनीति में तेजी से बदलते हालात पर पूरे देश की नजर टिकी हुई है। अगर रुझान बरकरार रहते हैं, तो राज्य में सत्ता का समीकरण पूरी तरह बदल सकता है।





