
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में शक्ति भवन के सामने स्मार्ट मीटर के विरोध में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी बीच सड़क पर बैठ गए और स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेने की मांग पर अड़ गए। हाथों में बैनर और पोस्टर लिए कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर मार्च करने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।
इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहे हैं, जिसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।





