
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंडलीय अधिकारियों के साथ वाराणसी सिटी–फेफना रेलखंड तथा फेफना रेलवे स्टेशन और चितबड़ागांव रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से पूरे रेलखंड का जायजा लिया और फेफना स्टेशन पहुंचकर यात्री सुविधाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। इसमें सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, पैदल उपरिगामी पुल, पार्सल कार्यालय, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और वाटर बूथ शामिल रहे।
उन्होंने सभी प्लेटफॉर्मों पर पर्याप्त यात्री शेड, पंखे और वॉटर कूलर लगाने के निर्देश दिए तथा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।इसके बाद उन्होंने स्टेशन की परिचालन व्यवस्था, स्टेशन पैनल, रिले रूम, आईपीएस रूम, अग्निशमन यंत्र, सुरक्षा उपकरण, सेफ्टी लॉक्स और विभिन्न रजिस्टरों की जांच की। अधिकारियों को रेलवे सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

फेफना यार्ड में प्वाइंट्स संख्या 202A और 204B का निरीक्षण कर गेज परीक्षण, स्विच रेल हाउसिंग और फेल-सेफ प्रणाली की भी समीक्षा की गई।माल यातायात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फेफना गुड्स शेड का भी निरीक्षण किया गया, जहां लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था, साइडिंग सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन की समीक्षा हुई। डीआरएम ने कार्यों में तेजी लाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद चितबड़ागांव स्टेशन का निरीक्षण करते हुए स्टेशन पैनल, ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, क्रैंक हैंडल और अन्य परिचालन उपकरणों की जांच की गई। डीआरएम ने यात्री सुविधाओं जैसे शेड, बेंच, वाटर बूथ, शौचालय, पंखे और लाइट की स्थिति का भी जायजा लिया और साफ-सफाई एवं रखरखाव बेहतर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चितबड़ागांव-करीमुद्दीनपुर खंड के बीच स्थित समपार संख्या 23-सी का भी सुरक्षा निरीक्षण किया गया, जहां बूम लॉक, हाइट गेज और सड़क की स्थिति की जांच हुई। इस दौरान गेटमैन योगेन्द्र सिंह की कार्यकुशलता एवं सुरक्षा ज्ञान का परीक्षण भी किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एम. रमेश कुमार, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव और मंडल परिचालन प्रबंधक रमेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





