
नोएडा : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से वाणिज्यिक उड़ान संचालन 15 जून 2026 से शुरू होगा। इस घोषणा के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और उत्तर भारत के यात्रियों, एयरलाइंस तथा कार्गो ऑपरेटरों के लिए एक नया हवाई प्रवेश द्वार खुल जाएगा।
एयरपोर्ट से सेवाओं की शुरुआत प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन के बाद होगी। साथ ही नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) से एयरोड्रोम सुरक्षा कार्यक्रम (ASP) की मंजूरी भी मिल चुकी है। यह मंजूरी इस बात का संकेत है कि एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन प्रक्रियाएं सभी नियामकीय मानकों के अनुरूप हैं।
पहली उड़ान इंडिगो द्वारा संचालित की जाएगी, जिससे नियमित यात्री सेवाओं की शुरुआत होगी। इसके बाद जल्द ही अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी। उड़ानों की समय-सारणी, गंतव्यों और अन्य सेवाओं की जानकारी चरणबद्ध तरीके से साझा की जाएगी।
तेजी से बढ़ती हवाई यात्रा की मांग को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया यह एयरपोर्ट आधुनिक टर्मिनल, कुशल संचालन प्रणाली और मजबूत मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी से लैस है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सहज और बेहतर यात्रा अनुभव देना तथा एयरलाइंस को किफायती और विश्वसनीय संचालन सुविधा उपलब्ध कराना है।
वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार और निवेश के नए अवसर भी खुलेंगे।
एयरपोर्ट की खासियत
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IATA कोड – DXN) दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को देश-विदेश के शहरों से जोड़ेगा। यह विश्वस्तरीय एयरपोर्ट स्विस तकनीक और भारतीय आतिथ्य का मिश्रण पेश करता है। साथ ही, यह नेट जीरो उत्सर्जन (Net Zero Emissions) के लक्ष्य को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है।
इस परियोजना को यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) द्वारा विकसित किया जा रहा है, जो ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार के सहयोग से पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर संचालित हो रही है।
एयरपोर्ट की कंसेशन अवधि 1 अक्टूबर 2021 से शुरू होकर 40 वर्षों तक रहेगी। फिलहाल यहां एक रनवे और एक टर्मिनल के साथ सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों की क्षमता है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 7 करोड़ से अधिक यात्रियों तक करने की योजना है।





