
आज दिनांक 27 अप्रैल 2026 को नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इंदिरानगर में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मयंक जलोटे के निर्देशन में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव प्रदान करना है।
यह वैक्सीन 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, समय पर यह टीकाकरण कराने से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन ने जानकारी दी कि यह वैक्सीनेशन प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया जाएगा। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी बेटियों को निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केंद्र लाकर इस सुविधा का लाभ दिलाएं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मयंक जलोटे ने बताया कि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक किशोरियों को टीकाकरण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।




