
फर्रुखाबाद: सोमवार को साधु-संतों के आह्वान पर देशभर में तहसील स्तर पर चलाए गए अभियान के तहत जनपद फर्रुखाबाद की विभिन्न तहसीलों में गौ सेवकों ने एकजुट होकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में गौ सेवक तहसील परिसर में एकत्रित हुए और शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें प्रशासन तक पहुंचाईं।
इस दौरान गौ सेवकों ने तहसीलदार के माध्यम से प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गौ माता को “राष्ट्र माता” घोषित करने, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गौ माता भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है, इसलिए इसके संरक्षण के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
इस मौके पर सचिन शर्मा, रोहित राठौर, सौरभ मिश्रा, दीपक शर्मा, रितेश, प्रयांशु कश्यप, हिमांशु गुप्ता, शिवम गुप्ता, नरेंद्र राठौर, साहिल मिश्रा और विमलेश मिश्रा समेत करीब 50 लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में अपनी मांगों को दोहराते हुए सरकार से जल्द कार्रवाई की अपील की।




