
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के करीब 42 हजार पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा शनिवार से शुरू हो रही है। यह परीक्षा सोमवार तक चलेगी और रोजाना दो पालियों—सुबह 10 से 12 बजे और शाम 3 से 5 बजे—में आयोजित की जाएगी। इस बड़ी भर्ती परीक्षा में लगभग 25 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं, वहीं प्रदेश पुलिस तीनों दिन अलर्ट मोड पर रहेगी।
हर जिले में सख्त सुरक्षा, हजारों केंद्र बनाए गए
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर के अनुसार, श्रावस्ती को छोड़कर सभी जिलों में एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा में जिलों के स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाया जा चुका है। सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को पहले ही आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर कई एजेंसियां नजर बनाए हुए हैं।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी भ्रामक जानकारी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए थे।
परीक्षार्थियों के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने चार स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इनमें 04220 लखनऊ जंक्शन–जौनपुर परीक्षा स्पेशल, 04222 लखनऊ जंक्शन–प्रयाग स्पेशल, 04223 वाराणसी–मऊ स्पेशल और 04224 वाराणसी–बिजौली स्पेशल शामिल हैं। ये ट्रेनें विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी, जिससे अभ्यर्थियों को आवागमन में राहत मिलेगी।





