
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में हुए दर्दनाक बस हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा रामनगर क्षेत्र के कागोट मोड़ के पास हुआ, जहां रामनगर से उधमपुर जा रही बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
इस हृदयविदारक घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
रक्षा मंत्री और उपराज्यपाल ने भी जताया दुख
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि इस घटना में बहुमूल्य जानों का नुकसान हुआ है। वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इसे दिल दहला देने वाला हादसा बताया और प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, सेना ने बचाई जानें
प्रशासन के अनुसार, हादसे में अब तक 13–14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 33 लोग घायल हैं। सेना के जवानों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि उनकी टीम ने कई शवों को बाहर निकाला और 5-6 लोगों की जान बचाई।
फिलहाल घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है और प्रशासन द्वारा हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है।




