
- रिपोर्ट: पंकज झा
गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। रेलवे द्वारा 05064/05063 गोमती नगर–कोलकाता–गोमती नगर वाया कप्तानगंज विशेष गाड़ी का संचालन किया जाएगा।
यह विशेष ट्रेन गोमती नगर से 22 और 29 अप्रैल को, जबकि कोलकाता से 23 और 30 अप्रैल को कुल दो-दो फेरों के लिए चलाई जाएगी। निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन गोमती नगर से सुबह 08:40 बजे रवाना होकर गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, थावे, हाजीपुर, बरौनी, झाझा, आसनसोल और बर्द्धमान जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए अगले दिन दोपहर 13:10 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में यह ट्रेन कोलकाता से 15:20 बजे प्रस्थान करेगी और उन्हीं प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए अगले दिन शाम 18:30 बजे गोमती नगर पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान और एसी तृतीय श्रेणी सहित कुल 19 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से गर्मी के मौसम में यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।





