
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल में आयोजित अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को खेले गए दोनों मुकाबलों में जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पाल के नेतृत्व में चल रही इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
पहले मुकाबले में विद्युत टीआरडी ने लेखा विभाग पर पूरी तरह दबदबा बनाते हुए 114 रनों की बड़ी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीआरडी ने 20 ओवर में 186 रन बनाए, जिसमें अमन वर्मा की 80 रनों की विस्फोटक पारी मुख्य आकर्षण रही। जवाब में लेखा विभाग की टीम महज 72 रन पर सिमट गई। टीआरडी की ओर से गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विरोधी टीम को टिकने का मौका नहीं दिया।

अमन वर्मा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में यांत्रिक विभाग ने विद्युत पावर के खिलाफ शानदार खेल दिखाते हुए 6 विकेट से जीत हासिल की। विद्युत पावर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 163 रन बनाए, जिसके जवाब में यांत्रिक विभाग ने नीतीश (86 रन) और दीपक (54 रन) की बेहतरीन साझेदारी के दम पर 18.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। नीतीश को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
दोनों मुकाबलों में विजेता टीमों ने पूरे 2-2 अंक अर्जित कर प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा लगातार चरम पर बनी हुई है।





