
पुलिस कमिश्नरेट में भावनात्मक विदाई और नए नेतृत्व का स्वागत
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पुलिस कार्यालय कमिश्नरेट वाराणसी में सोमवार को एक गरिमामय एवं भावनात्मक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानांतरण के अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) डॉ. ईशान सोनी को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवागत एडीसीपी सुश्री लिपि नागयाच का औपचारिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने की। समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त ने डॉ. ईशान सोनी के कार्यकाल की सराहना की और कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और प्रशासनिक दक्षता के साथ किया। उनके कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ जनसेवा और पुलिस-जन समन्वय को विशेष प्राथमिकता दी गई, जिसका सकारात्मक प्रभाव आम जनता के बीच देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी डॉ. सोनी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भावुक माहौल में उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसी अवसर पर नवागत एडीसीपी सुश्री लिपि नागयाच का स्वागत किया गया।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई जिम्मेदारी में वह बेहतर परिणाम देंगी और पुलिस की जनता के प्रति जवाबदेही को और मजबूत करेंगी।कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा सहित कमिश्नरेट के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भावनात्मक और प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला।




