
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री रजत प्रिय के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में बनारस रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार (प्लेटफॉर्म नंबर 8 की ओर) स्थित पार्किंग स्थल पर 6-लाइन वाला डिजिटल ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड स्थापित कर चालू कर दिया गया है। इस नई सुविधा के माध्यम से यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही ट्रेनों की वर्तमान स्थिति, प्लेटफॉर्म नंबर एवं आगमन-प्रस्थान समय की जानकारी तुरंत मिल सकेगी। इससे यात्रियों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी और यात्रा अनुभव अधिक सुगम बनेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह पहल यात्रियों को बेहतर सूचना सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन को सुचारू बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी। यात्रियों को अब स्टेशन के बाहर से ही ट्रेनों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध हो सकेगी, जो एक महत्वपूर्ण तकनीकी सुधार के रूप में देखा जा रहा है।





