
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेन्द्र पाल के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल पर चल रही अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में इंजीनियरिंग और सिगनल विभाग के बीच मुकाबला हुआ। इंजीनियरिंग विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 164 रन बनाए, जिसमें ऋषभ और विजय ने 54-54 रनों की शानदार पारियां खेलीं। जवाब में सिगनल विभाग ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 17.1 ओवर में 3 विकेट पर 166 रन बनाकर 7 विकेट से जीत दर्ज की।

सिगनल की ओर से धर्मेंद्र ने 67 रनों की तेज पारी खेली, जबकि अक्षत अवस्थी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल कर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता। दूसरे मुकाबले में विद्युत और लेखा विभाग के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। विद्युत विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 178 रन बनाए, जिसमें भगवान यादव ने 44 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए लेखा विभाग 8 विकेट पर 164 रन ही बना सका और विद्युत विभाग ने 14 रन से जीत हासिल की। लेखा विभाग की ओर से प्रशांत विश्वकर्मा ने 59 और अनुराग भट्ट ने 50 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
विद्युत विभाग के भगवान यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता के अगले चरण में कल रेल सुरक्षा बल और यांत्रिक विभाग के बीच पहला मुकाबला तथा कार्मिक और इंजीनियरिंग विभाग के बीच दूसरा मैच खेला जाएगा।





